रायपुर में गणेशोत्सव के दौरान बदली ट्रैफिक व्यवस्था, 25 मार्गों पर भारी वाहनों की एंट्री बैन

Raipur Traffic Alert: गणेशोत्सव के दौरान शहर में बढ़ती भीड़ और यातायात दबाव को देखते हुए रायपुर ट्रैफिक पुलिस ने भारी और मध्यम वाहनों के प्रवेश को लेकर नया आदेश जारी किया है। शहर के प्रमुख 25 मार्गों पर भारी वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित की गई है। यह व्यवस्था गणेशोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं की भीड़ और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए लागू की गई है।

सुबह 5 बजे से रात 2 बजे तक भारी वाहनों पर रोक

पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला की ओर से जारी आदेश के अनुसार रिंग रोड नंबर-1 और रिंग रोड नंबर-2 से शहर की ओर आने वाले भारी एवं मध्यम वाहनों के प्रवेश पर सुबह 5 बजे से रात 2 बजे तक प्रतिबंध रहेगा। पहले यह प्रतिबंध रात 12 बजे तक था, जिसे गणेशोत्सव के मद्देनजर दो घंटे बढ़ाया गया है।

यह बढ़ा हुआ प्रतिबंध गणेशोत्सव के समापन तक 27 सितंबर तक लागू रहेगा। इसके बाद भारी वाहनों के प्रवेश की व्यवस्था पहले की तरह कर दी जाएगी।

स्टेशन और तेलघानीनाका इलाके में भी बदला समय

गणेशोत्सव के दौरान रेलवे स्टेशन और तेलघानीनाका क्षेत्र में मालवाहक वाहनों के प्रवेश का समय भी बदला गया है। पिकअप, टाटा एस सहित अन्य मालवाहक वाहनों पर अब शाम 5 बजे से रात 11 बजे तक प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।

पहले इस क्षेत्र में शाम 5 बजे से रात 7 बजे तक मालवाहक वाहनों के प्रवेश पर रोक थी। गणेशोत्सव को देखते हुए इसे बढ़ाकर छह घंटे कर दिया गया है।

इन प्रमुख मार्गों पर रहेगा प्रतिबंध

ट्रैफिक पुलिस के आदेश के अनुसार निम्न मार्गों पर भारी एवं मध्यम वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा—

  • अग्रसेन चौक से भैसथान मार्ग-तेलघानीनाका चौक
  • राठौर चौक से तेलघानीनाका चौक
  • फाफाडीह चौक-स्टेशन चौक-तेलघानीनाका चौक
  • चूनाभट्ठी से गुढ़ियारी अंडरब्रिज-नर्मदापारा होकर स्टेशन चौक गेट तक
  • कर्मा चौक रामनगर से रामनगर ब्रिज व अंडरब्रिज होकर तेलघानीनाका चौक
  • नहरपारा संजय गांधी चौक से स्टेशन गुरुद्वारा की ओर

इन मार्गों पर बढ़ाया गया प्रतिबंध

  • तेलीबांधा थाना के सामने चौक
  • केनाल रोड प्रवेश मार्ग, रिंग रोड-1
  • महावीर नगर चौक, रिंग रोड-1
  • राजेंद्र नगर चौक, रिंग रोड-1
  • पचपेड़ीनाका चौक, रिंग रोड-1
  • संतोषीनगर चौक, रिंग रोड-1
  • भाठागांव चौक, रिंग रोड-1
  • कुशालपुर चौक, रिंग रोड-1
  • रायपुरा चौक, रिंग रोड-1
  • डीडी नगर प्रवेश मार्ग, रिंग रोड-1
  • अरिहंत नगर प्रवेश मार्ग, रिंग रोड-1
  • टाटीबंध चौक-हीरापुर टर्निंग, रिंग रोड-2
  • गोगांव तिराहा, रिंग रोड-2
  • गोंदवारा तिराहा, रिंग रोड-2
  • पाटीदार भवन के सामने तक भनपुरी
  • विधानसभा रोड में वीआईपी तिराहा
  • एक्सप्रेस-वे ब्रिज के नीचे रिंग रोड-1
  • कचना रेलवे क्रॉसिंग

श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए फैसला

गणेशोत्सव के दौरान शहर के अलग-अलग इलाकों में गणेश पंडालों में श्रद्धालुओं की भीड़ जुट रही है। कई प्रमुख मार्गों पर यातायात का दबाव बढ़ने की संभावना को देखते हुए पुलिस ने भारी वाहनों के प्रवेश का समय बढ़ाया है। ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों से निर्धारित मार्ग और समय के अनुसार ही आवागमन करने की अपील की है।

Related Articles

Back to top button