रायपुर में चढ़ा पारा, 19 सितंबर से फिर तेज होगी बारिश; मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसूनी गतिविधियां फिलहाल धीमी पड़ने के बाद तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। राजधानी रायपुर में गुरुवार को अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। तापमान में करीब 1 डिग्री की बढ़ोतरी के चलते लोगों को दिनभर उमस और गर्मी का सामना करना पड़ा। हालांकि, मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में बारिश की गतिविधियां बढ़ने के संकेत दिए हैं।

मौसम विभाग के अनुसार, 19 सितंबर से प्रदेश में बारिश की रफ्तार बढ़ने की संभावना है। इस दौरान कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। कुछ स्थानों पर आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी भी जारी की गई है।

रायपुर में आज कैसा रहेगा मौसम?

राजधानी रायपुर में 18 सितंबर को आकाश आंशिक रूप से मेघमय रहने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक, शहर में अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान करीब 26 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।

आज भी कई इलाकों में बारिश के आसार

प्रदेश के कई हिस्सों में शुक्रवार को हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की संभावना जताई गई है। अगले दो दिनों तक प्रदेश में मौसम का मिजाज इसी तरह बना रहने के आसार हैं।

पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश में एक-दो स्थानों पर बहुत हल्की से हल्की बारिश दर्ज की गई। इस अवधि में प्रदेश में मौसमी वर्षा सामान्य रही, हालांकि सामान्य की तुलना में करीब 5 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है।

बिलासपुर में सबसे अधिक तापमान

प्रदेश में गुरुवार को सबसे अधिक अधिकतम तापमान 34.6 डिग्री सेल्सियस बिलासपुर में दर्ज किया गया। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान 20.8 डिग्री सेल्सियस पेंड्रा रोड में रिकॉर्ड किया गया।

पिछले 24 घंटों में पेंड्रा रोड, सल्हेवारा और चांपा में 2-2 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई।

19 सितंबर के बाद बदल सकता है मौसम

मौसम विभाग के मुताबिक, मौजूदा मौसमी परिस्थितियों के प्रभाव से आने वाले दिनों में प्रदेश के मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। विशेष रूप से 19 सितंबर के आसपास उत्तरी अंडमान सागर में निम्न दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है।

इसके बाद इस सिस्टम के धीरे-धीरे मजबूत होकर दक्षिण ओडिशा और उत्तरी आंध्र प्रदेश के तटों की ओर बढ़ने के आसार हैं। इसके प्रभाव से संबंधित क्षेत्रों में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं, जिसका असर छत्तीसगढ़ के मौसम पर भी पड़ने की संभावना है।

Weather Update: फिलहाल गर्मी, फिर बारिश से राहत के आसार

राजधानी रायपुर समेत प्रदेश में तापमान बढ़ने से जहां लोगों को गर्मी और उमस परेशान कर रही है, वहीं 19 सितंबर के बाद बारिश की गतिविधियां बढ़ने से मौसम में राहत मिलने की उम्मीद है। हालांकि, इस दौरान गरज-चमक और आकाशीय बिजली को लेकर मौसम विभाग की चेतावनी के मद्देनजर लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत होगी।

Related Articles

Back to top button