प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिवस पर CM साय ने जलाया ‘आशीर्वाद का दीया’, स्वस्थ और सुदीर्घ जीवन की कामना

रायपुर, । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अपने निवास पर ‘आशीर्वाद का दीया’ प्रज्वलित किया। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के स्वस्थ, सुदीर्घ और यशस्वी जीवन की मंगलकामना की।
मुख्यमंत्री साय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राष्ट्रसेवा और जनकल्याण के प्रति समर्पण को स्मरण करते हुए उन्हें जन्मदिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने अपने सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष राष्ट्र और जनसेवा को समर्पित किए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गरीब कल्याण, सुशासन, अंत्योदय, आत्मनिर्भर भारत, विरासत के सम्मान और आधुनिक भारत के निर्माण की दिशा में प्रधानमंत्री मोदी की यात्रा देशवासियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के जन्मदिवस पर छत्तीसगढ़ सहित देशभर में सेवा और जनभागीदारी का भाव दिखाई दे रहा है। ‘आशीर्वाद का दीया’ इसी आत्मीय भावना की अभिव्यक्ति है। यह दीप प्रधानमंत्री के प्रति प्रदेशवासियों के स्नेह, विश्वास और शुभकामनाओं का प्रतीक है।
विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण का संकल्प
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ विकसित भारत के निर्माण में अपनी भूमिका पूरी प्रतिबद्धता के साथ निभा रहा है। राज्य सरकार का संकल्प है कि विकास की रोशनी प्रदेश के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।
उन्होंने कहा कि गांव, गरीब, किसान, महिला, युवा और जनजातीय समाज की आकांक्षाएं विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण की शक्ति बनें, इसी दिशा में राज्य सरकार निरंतर कार्य कर रही है।



