महतारी वंदन योजना का पोर्टल फिर खुलने की तैयारी, नए हितग्राहियों को मिलेगा आवेदन का मौका

रायपुर। Mahtari Vandan Yojana 2026: छत्तीसगढ़ सरकार की महत्वाकांक्षी महतारी वंदन योजना का लाभ अधिक से अधिक पात्र महिलाओं तक पहुंचाने की तैयारी शुरू हो गई है। योजना से अब तक वंचित रह गए पात्र हितग्राहियों को जोड़ने के लिए सरकार एक बार फिर पोर्टल खोलने पर मंथन कर रही है। हालांकि, आवेदन प्रक्रिया शुरू करने से पहले नए हितग्राहियों के लिए पात्रता, आयु सीमा और अन्य जरूरी शर्तें तय की जाएंगी।

सरकार योजना के दायरे को बढ़ाने पर भी विचार कर रही है। इसमें दिव्यांग महिलाओं, कुछ श्रेणी की अविवाहित युवतियों और ट्रांसजेंडर महिलाओं को योजना से जोड़ने की दिशा में प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है। इन वर्गों को शामिल करने से पहले उनकी पात्रता और आयु सीमा समेत अन्य नियम निर्धारित किए जाएंगे।

नए वर्गों के लिए जुटाए जा रहे आंकड़े

योजना का दायरा बढ़ाने के लिए संबंधित विभागों से आवश्यक आंकड़े जुटाने का काम जारी है। खासतौर पर दिव्यांग महिलाओं और ट्रांसजेंडर महिलाओं की संख्या, आयु वर्ग और अन्य जरूरी जानकारी एकत्र की जा रही है। इन आंकड़ों के आधार पर संभावित नए हितग्राहियों की संख्या और सरकार पर पड़ने वाले अतिरिक्त वित्तीय भार का आकलन किया जाएगा।

विभागीय स्तर पर आंकड़े और प्रस्ताव तैयार होने के बाद सरकार इस संबंध में अंतिम निर्णय ले सकती है। इसके बाद ही पोर्टल दोबारा खोलने और आवेदन की तारीखों को लेकर स्थिति स्पष्ट होगी।

पोर्टल खुला तो नए सिरे से कर सकेंगे आवेदन

यदि सरकार पोर्टल दोबारा खोलने का निर्णय लेती है तो ऐसे पात्र हितग्राहियों को आवेदन का मौका मिलेगा, जो किसी कारणवश पहले योजना में शामिल नहीं हो पाए थे। ऑनलाइन आवेदन के साथ दस्तावेजों का सत्यापन और पात्रता की जांच भी की जाएगी।

सरकार का फोकस यह सुनिश्चित करने पर है कि योजना का लाभ केवल निर्धारित मापदंडों को पूरा करने वाले वास्तविक हितग्राहियों तक पहुंचे। इसके लिए आवेदन प्रक्रिया के दौरान दस्तावेजों की जांच और पात्रता सत्यापन को महत्वपूर्ण रखा जाएगा।

पात्रता और उम्र की सीमा होगी अहम

योजना में नए वर्गों को शामिल करने से पहले सरकार पात्रता के नियम स्पष्ट करेगी। खासतौर पर अविवाहित युवतियों के लिए यह तय किया जाएगा कि किन श्रेणियों को पात्र माना जाएगा और उनकी न्यूनतम एवं अधिकतम आयु सीमा क्या होगी।

इसी तरह दिव्यांग और ट्रांसजेंडर महिलाओं के लिए भी पात्रता से जुड़े स्पष्ट मापदंड तय किए जाएंगे। विभागीय प्रस्ताव और आंकड़ों के आधार पर इन नियमों को अंतिम रूप दिए जाने की संभावना है।

करीब 69 लाख महिलाओं को मिल रहा लाभ

महतारी वंदन योजना के तहत वर्तमान में प्रदेश की करीब 69 लाख महिलाओं को लाभ मिलने की जानकारी है। योजना के तहत पात्र महिलाओं के बैंक खातों में सरकार हर महीने 1,000 रुपये की राशि सीधे ट्रांसफर करती है। इसके लिए सरकार हर माह करीब 700 करोड़ रुपये खर्च करती है।

सरकार द्वारा पोर्टल दोबारा खोलने और नए वर्गों को योजना में शामिल करने का फैसला होने के बाद पात्र नए हितग्राहियों को आवेदन का अवसर मिल सकेगा। फिलहाल पात्रता और आयु सीमा तय करने की प्रक्रिया पर सरकार का फोकस है।

Related Articles

Back to top button