मुंबई पोर्ट में माल उतारते समय क्रेन पलटी, लगी भीषण आग; दो ऑपरेटर घायल

मुंबई। दक्षिण मुंबई के बैलार्ड एस्टेट स्थित मुंबई पोर्ट में रविवार रात कार्गो उतारने के दौरान बड़ा हादसा हो गया। माल उतारते समय एक क्रेन का संतुलन बिगड़ गया और वह पलट गई। इसके बाद क्रेन के जहाज से टकराने पर उसमें आग लग गई। हादसे में क्रेन के दो ऑपरेटर घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए सेंट जॉर्ज अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटना के बाद पोर्ट परिसर में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही मुंबई पोर्ट की फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। राहत की बात यह रही कि आग को समय रहते नियंत्रित कर लिया गया और इसे आसपास के हिस्सों में फैलने से रोक दिया गया।

माल उठाते समय बिगड़ा क्रेन का संतुलन

पुलिस के मुताबिक, हादसा रविवार रात करीब 7:30 बजे बीपीएस पोर्ट क्षेत्र में पियर पॉप के पास हुआ। बारबाडोस के झंडे वाले ‘वियना’ जहाज पर करीब 140 मीट्रिक टन माल लदा था। इस माल को उतारने के लिए दो क्रेनों का इस्तेमाल किया जा रहा था।

बताया गया कि एक कंटेनर को उठाने के दौरान उसे क्रेन से बांधने वाला तार टूट गया। इसके बाद कंटेनर का भार दूसरी क्रेन पर आ गया। अचानक बढ़े वजन के कारण दूसरी क्रेन का संतुलन बिगड़ गया और वह जमीन से ऊपर उठकर पलट गई।

जहाज से टकराया क्रेन का बूम, फिर लगी आग

क्रेन के पलटने के दौरान उसका अगला टेलीस्कोपिक बूम जहाज से जा टकराया। पुलिस के अनुसार, टक्कर और घर्षण के बाद क्रेन में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने क्रेन के हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया।

घटना की सूचना मिलते ही मुंबई पोर्ट की फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। दमकलकर्मियों ने आग पर जल्द ही काबू पा लिया।

दो क्रेन ऑपरेटर घायल

हादसे में बरकत कंपनी के दो क्रेन ऑपरेटर रंजीत सिंह और निशांत सिंह घायल हुए हैं। दोनों को तत्काल सेंट जॉर्ज अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। फिलहाल उनकी चोटों की गंभीरता को लेकर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।

येलो गेट पुलिस कर रही जांच

हादसे की सूचना मिलने के बाद येलो गेट पुलिस स्टेशन की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने के साथ-साथ क्रेन के संचालन, सुरक्षा मानकों और कार्गो उतारने के दौरान अपनाई गई प्रक्रिया की भी जांच कर रही है।

फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की पड़ताल कर रही है और जांच पूरी होने के बाद हादसे के कारणों को लेकर स्थिति और स्पष्ट होने की उम्मीद है।

Related Articles

Back to top button