कोलंबिया में 7.4 तीव्रता के भूकंप से तबाही, मृतकों की संख्या 329 पहुंची; 247 लोग अब भी लापता

कोलंबिया में 10 अगस्त को आए 7.4 तीव्रता के विनाशकारी भूकंप से हुई तबाही का असर अभी भी जारी है। देश की आपदा जोखिम प्रबंधन एजेंसी के अनुसार, भूकंप में मरने वालों की संख्या बढ़कर 329 हो गई है। वहीं, 247 लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं। घायलों की संख्या भी बढ़कर 4,613 हो गई है। ऐसे में मृतकों का आंकड़ा अभी और बढ़ने की आशंका बनी हुई है।
247 लोग अब भी लापता
भूकंप के बाद बड़ी संख्या में लोग लापता हो गए थे। उनकी तलाश के लिए सर्च एंड रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। कई घर और इमारतें ढहने से पूरा इलाका मलबे में तब्दील हो गया है।
मलबा पूरी तरह नहीं हटाए जाने के कारण आशंका है कि कुछ लोग अभी भी उसके नीचे दबे हो सकते हैं। लापता लोगों की तलाश में राष्ट्रीय टीमों के साथ अंतरराष्ट्रीय सर्च एंड रेस्क्यू टीमें भी जुटी हुई हैं।
4,613 लोग घायल
इस भूकंप में घायल लोगों की संख्या 4,613 तक पहुंच गई है। इनमें कई लोग अभी भी अस्पतालों में भर्ती हैं और उनका इलाज चल रहा है। वहीं, जिन लोगों को मामूली चोटें आई थीं, उन्हें उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दी जा चुकी है।
30 हजार घरों को नुकसान
भूकंप से बड़े पैमाने पर संपत्ति को भी नुकसान पहुंचा है। आपदा जोखिम प्रबंधन एजेंसी के अनुसार, करीब 277 इमारतें पूरी तरह ढह गई हैं, जबकि लगभग 30,000 घरों को नुकसान पहुंचा है। बड़ी संख्या में लोगों को अपना घर छोड़कर विस्थापित होना पड़ा है।
कहां और कब आया था भूकंप?
कोलंबिया में यह भूकंप भारतीय समयानुसार सोमवार, 10 अगस्त को शाम 6 बजकर 4 मिनट पर आया। स्थानीय समय के अनुसार भूकंप सुबह 7 बजकर 34 मिनट पर सैन जोसे डेल पालमार से करीब 5 किलोमीटर दक्षिण में आया था।
भूकंप की तीव्रता 7.4 दर्ज की गई थी और इसकी गहराई 110 किलोमीटर थी। इसके बाद बड़े पैमाने पर राहत और बचाव अभियान शुरू किया गया, जो अब भी जारी है।



