ब्लू वाटर खदान पर सरकार का बड़ा फैसला, अब फेंसिंग कर रोकी जाएगी लोगों की आवाजाही

रायपुर। नवा रायपुर के ब्लू वाटर खदान में लगातार हो रहे हादसों के बाद सरकार ने सुरक्षा को लेकर बड़ा कदम उठाने का ऐलान किया है। आपदा प्रबंधन मंत्री टंक राम वर्मा ने कहा है कि ब्लू वाटर खदान को प्रतिबंधित किया जाएगा। इसके साथ ही खदानों के चारों ओर फेंसिंग कर लोगों की आवाजाही रोकने की व्यवस्था की जाएगी।
यह फैसला ऐसे समय में सामने आया है, जब ब्लू वाटर खदान में डूबे युवक आदिल खान का शव 48 घंटे से ज्यादा समय बीतने के बाद भी नहीं मिल पाया है। SDRF की टीम लगातार तलाश में जुटी है, लेकिन अब तक सफलता नहीं मिली है।
तैरकर खदान पार करने की लगाई थी शर्त
मौदहापारा निवासी आदिल खान बुधवार को अपने तीन दोस्तों के साथ ब्लू वाटर खदान घूमने पहुंचा था। यहां दोस्तों के बीच तैरकर ब्लू वाटर खदान पार करने की शर्त लगी थी। इसी दौरान आदिल गहरे पानी में डूब गया।
घटना की सूचना मिलने के बाद SDRF की टीम ने तलाश अभियान शुरू किया। 48 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बावजूद युवक का शव बरामद नहीं किया जा सका है।
ब्लू वाटर खदान होगी प्रतिबंधित
मीडिया से चर्चा के दौरान मंत्री टंक राम वर्मा ने कहा कि ब्लू वाटर खदान को प्रतिबंधित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि खदानों के आसपास सुरक्षा के लिए फेंसिंग कराई जाएगी, ताकि आम लोगों को खतरनाक जलभराव वाले क्षेत्रों में प्रवेश करने से रोका जा सके।
मंत्री के मुताबिक, इस दिशा में बाहर से आई टीम लगातार काम कर रही है। प्रशासन का उद्देश्य खदान क्षेत्र में लोगों की आवाजाही को नियंत्रित करना और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करना है।
खदानों के चारों ओर होगी फेंसिंग
सरकार की ओर से ब्लू वाटर क्षेत्र में केवल प्रवेश प्रतिबंधित करने की बात नहीं कही गई है, बल्कि खदानों के चारों ओर फेंसिंग कराने का भी ऐलान किया गया है। इससे लोगों को खतरनाक हिस्सों तक पहुंचने से रोकने की व्यवस्था की जाएगी।
ब्लू वाटर खदान में लगातार हादसों के बाद खदान क्षेत्र को सुरक्षित करने और लोगों की आवाजाही पर रोक लगाने की मांग उठती रही है। अब सरकार के इस ऐलान के बाद खदान क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत किए जाने की दिशा में कदम उठाया जाएगा।



