BJP अध्यक्ष नितिन नबीन की तस्वीर से छेड़छाड़ का आरोप, कांग्रेस IT सेल नेता पर FIR

रायपुर। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन को लेकर कांग्रेस नेता के सोशल मीडिया पोस्ट पर विवाद खड़ा हो गया है। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता गौरीशंकर श्रीवास की शिकायत पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने कांग्रेस IT सेल नेता अरुण साहू के खिलाफ FIR दर्ज की है। आरोप है कि अरुण साहू ने नितिन नबीन के तिरंगा फहराने की तस्वीर से कथित तौर पर छेड़छाड़ कर उसे सोशल मीडिया पर प्रसारित किया और भ्रामक जानकारी फैलाने का प्रयास किया।
तिरंगे की तस्वीर से छेड़छाड़ का आरोप
शिकायत के मुताबिक, ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत नितिन नबीन ने अपने निवास पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया था। इस कार्यक्रम से जुड़ी फोटो और वीडियो भी उपलब्ध होने का दावा किया गया है।
आरोप है कि बेमेतरा जिला कांग्रेस IT सेल के अध्यक्ष अरुण साहू ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट से राष्ट्रीय ध्वज की तस्वीर में कथित रूप से बदलाव कर उसे प्रसारित किया। शिकायतकर्ता का आरोप है कि पोस्ट के जरिए राष्ट्रीय ध्वज का अपमान करने के साथ भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद नितिन नबीन की छवि खराब करने का प्रयास किया गया।
शिकायत में यह भी कहा गया है कि सोशल मीडिया पोस्ट बाद में डिलीट कर दिया गया। भाजपा नेता ने पोस्ट के स्क्रीनशॉट को शिकायत के साथ पुलिस को उपलब्ध कराया है।
इन धाराओं के तहत दर्ज हुई FIR
शिकायत मिलने के बाद सिविल लाइन थाना पुलिस ने प्रथम दृष्टया अपराध पाए जाने पर राष्ट्रीय गौरव अपमान निवारण अधिनियम की धारा 2 और BNS की धारा 356 के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस अब कथित सोशल मीडिया पोस्ट, उसके स्रोत, पोस्ट में इस्तेमाल की गई तस्वीर और उससे जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
भाजपा ने कांग्रेस पर साधा निशाना
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता गौरीशंकर श्रीवास ने आरोप लगाया कि पिछले कुछ दिनों से कांग्रेस नेताओं की ओर से राष्ट्रध्वज और भाजपा नेताओं को लेकर सोशल मीडिया पर बिना तथ्य जांचे अभियान चलाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रध्वज और राष्ट्रपर्व से जुड़े आपत्तिजनक पोस्ट को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे मामलों में कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
हालांकि, मामले में लगाए गए आरोपों की अंतिम पुष्टि पुलिस जांच और न्यायिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही होगी।



