रायपुर में आज तिरंगा यात्रा, 3 घंटे बदला रहेगा ट्रैफिक; इन रास्तों से निकलें वाहन

रायपुर। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में रायपुर में आज, सोमवार 10 अगस्त को भव्य तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा में स्कूल-कॉलेज के छात्र-छात्राओं के साथ बड़ी संख्या में नागरिकों के शामिल होने की संभावना है। इसे देखते हुए रायपुर यातायात पुलिस ने शहर में विशेष ट्रैफिक व्यवस्था लागू की है।
यात्रा के दौरान सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक कई प्रमुख मार्गों पर सामान्य यातायात प्रभावित रहेगा। यात्रा मार्ग पर वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे इस अवधि में वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें और पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करें।
इंडोर स्टेडियम से सुभाष स्टेडियम तक निकलेगी तिरंगा यात्रा
तिरंगा यात्रा इंडोर स्टेडियम से शुरू होकर गणेश मंदिर तिराहा, बूढ़ापारा बिजली ऑफिस, नगर निगम भवन, महिला थाना चौक और फायर ब्रिगेड चौक होते हुए सुभाष स्टेडियम पहुंचेगी।
यात्रा के दौरान पूरे रूट पर यातायात व्यवस्था में बदलाव रहेगा। भीड़ और सुरक्षा को देखते हुए मार्ग पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती भी की जाएगी।
सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक डायवर्जन
यातायात पुलिस के अनुसार, करीब तीन घंटे तक संबंधित मार्गों पर वाहनों की आवाजाही बंद या डायवर्ट रहेगी। ऐसे में जरूरी काम से निकलने वाले लोगों को घर से निकलने से पहले अपने रूट की योजना बनाने की सलाह दी गई है।
इन वैकल्पिक रास्तों का करें इस्तेमाल
- बूढ़ेश्वर चौक से बूढ़ापारा: वाहन परिक्रमा पथ, पुलिस लाइन गेट और कालीबाड़ी मार्ग से जा सकेंगे।
- शास्त्री चौक से महिला थाना: वाहन बंजारी चौक, राजभवन चौक, कालीमाई तिराहा, OCM चौक और कालीबाड़ी मार्ग का उपयोग कर सकेंगे।
- कालीबाड़ी से कोतवाली चौक: वाहन महिला थाना चौक, OCM चौक, काली माता मंदिर तिराहा, राजभवन चौक और घड़ी चौक मार्ग से जा सकेंगे।
- सदर बाजार और कोतवाली क्षेत्र: वाहनों के लिए कंकालीपारा चौक, पुरानी बस्ती, बूढ़ेश्वर चौक और पुलिस लाइन गेट का मार्ग निर्धारित किया गया है।
तिरंगा यात्रा में आने वालों के लिए पार्किंग व्यवस्था
यात्रा में शामिल होने वाले लोगों के वाहनों के लिए अलग से पार्किंग की व्यवस्था की गई है। वाहन चालक बूढ़ा तालाब गार्डन, इंडोर स्टेडियम के पीछे मैदान, परिक्रमा पथ बूढ़ा तालाब और महाराजबंद तालाब के पास निर्धारित पार्किंग स्थलों पर वाहन खड़े कर सकेंगे।
पार्किंग स्थल से लोगों को पैदल यात्रा स्थल तक पहुंचना होगा। पुलिस ने अपील की है कि निर्धारित पार्किंग के अलावा सड़क किनारे या किसी अनधिकृत स्थान पर वाहन पार्क न करें।
यातायात पुलिस ने की सहयोग की अपील
रायपुर यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि तिरंगा यात्रा के दौरान अनावश्यक रूप से यात्रा मार्ग पर जाने से बचें। जरूरी यात्रा होने पर निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें और मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करें।
पुलिस के मुताबिक, अस्थायी ट्रैफिक व्यवस्था का उद्देश्य तिरंगा यात्रा को सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराना तथा शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखना है।



