JPSC-JSSC अभ्यर्थियों का आंदोलन 16वें दिन भी जारी, आज सरकार से तीसरे दौर की वार्ता; 10 अगस्त को विधानसभा घेराव की चेतावनी

Jharkhand Students Protest: झारखंड में JPSC-JSSC भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर अभ्यर्थियों का आंदोलन 16वें दिन भी जारी है। सरकार और छात्रों के बीच पहले दो दौर की वार्ता बेनतीजा रहने के बाद आज दोपहर 12 बजे तीसरे दौर की बातचीत प्रस्तावित है। छात्रों ने मांगें पूरी नहीं होने की स्थिति में 10 अगस्त को विधानसभा घेराव का ऐलान किया है।
अनशन कर रहे छात्रों की डॉक्टरों ने की जांच
वार्ता से पहले रांची के सदर अस्पताल की मेडिकल टीम ने जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में अनशन कर रहे JPSC-JSSC अभ्यर्थियों के स्वास्थ्य की जांच की। डॉक्टरों के अनुसार, अनशन कर रहे छात्रों का वजन कम हुआ है, लेकिन फिलहाल उनकी हालत स्थिर है और महत्वपूर्ण स्वास्थ्य संकेतक सामान्य हैं।
डॉक्टर एपी सिन्हा ने बताया कि छात्रों की लगातार निगरानी की जा रही है। तबीयत बिगड़ने की स्थिति में उन्हें अस्पताल ले जाया जाएगा। फिलहाल छात्र स्टेडियम में ही उपचार लेने पर सहमत हैं।
छात्र नेता देवेंद्र महतो की तबीयत बिगड़ी
पिछले आठ दिनों से अनिश्चितकालीन अनशन पर बैठे छात्र नेता देवेंद्र महतो की रविवार तड़के करीब 3 बजे तबीयत बिगड़ गई थी। डॉक्टरों ने मौके पर उनकी जांच की और उनका इलाज किया जा रहा है।
छात्रों के समर्थन में जयराम महतो का उपवास
आंदोलनरत छात्रों के समर्थन में झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (JLKM) के विधायक जयराम महतो भी मैदान में उतर आए हैं। उन्होंने रविवार सुबह पुराने विधानसभा परिसर में एक दिवसीय निर्जला उपवास शुरू किया। उन्होंने सरकार से छात्रों की मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की।
10 अगस्त को विधानसभा मार्च की तैयारी
छात्र नेता रविंद्र पासवान ने सरकार पर आंदोलन को कमजोर करने का प्रयास करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि झारखंड के छात्र अपनी मांगों को लेकर एकजुट हैं। मांगें पूरी नहीं होने पर 10 अगस्त को विधानसभा मार्च किया जाएगा।
छात्र नेताओं का दावा है कि विधानसभा मार्च में प्रदेशभर से बड़ी संख्या में अभ्यर्थी शामिल होंगे। अब सभी की नजरें आज होने वाली सरकार और छात्रों के बीच तीसरे दौर की वार्ता पर टिकी हैं।



