भारत ने अग्नि-4 बैलिस्टिक मिसाइल का सफल परीक्षण किया, ओडिशा के चांदीपुर से लॉन्च

नई दिल्ली। भारत ने अपनी रणनीतिक रक्षा क्षमता को और मजबूत करते हुए गुरुवार को ओडिशा के चांदीपुर स्थित इंटीग्रेटेड टेस्ट रेंज (ITR) से मध्यम दूरी की बैलिस्टिक मिसाइल अग्नि-4 (Agni-4) का सफल परीक्षण किया। यह परीक्षण स्ट्रैटेजिक फोर्सेज कमांड (SFC) की निगरानी में संपन्न हुआ।

रक्षा मंत्रालय के अनुसार, परीक्षण के दौरान सभी ऑपरेशनल और तकनीकी मानकों को सफलतापूर्वक पूरा किया गया। मिसाइल ने तय सभी उद्देश्यों को हासिल किया, जिससे इसकी विश्वसनीयता और संचालन क्षमता की एक बार फिर पुष्टि हुई।

पहले भी हो चुके हैं सफल परीक्षण

इससे पहले 6 सितंबर 2024 को भी अग्नि-4 का सफल परीक्षण किया गया था। उस समय भी रक्षा मंत्रालय ने बताया था कि मिसाइल ने सभी तकनीकी और परिचालन मानकों पर खरा उतरते हुए निर्धारित लक्ष्यों को सफलतापूर्वक पूरा किया था।

वहीं 4 अप्रैल 2024 को भारत ने नई पीढ़ी की अग्नि-प्राइम (Agni-P) बैलिस्टिक मिसाइल का भी सफल फ्लाइट टेस्ट किया था। यह परीक्षण रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (DRDO) और स्ट्रैटेजिक फोर्सेज कमांड (SFC) ने संयुक्त रूप से किया था।

क्यों खास है अग्नि-4 मिसाइल?

अग्नि-4, भारत की स्वदेशी अग्नि मिसाइल श्रृंखला का महत्वपूर्ण हिस्सा है। यह एक मध्यम दूरी की सतह से सतह पर मार करने वाली बैलिस्टिक मिसाइल है, जो परमाणु हथियार ले जाने में सक्षम है। यह भारत की रणनीतिक प्रतिरोधक क्षमता (Strategic Deterrence) को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाती है और देश की रक्षा तैयारियों का प्रमुख आधार मानी जाती है।

रक्षा क्षेत्र में लगातार बढ़ रही ताकत

हाल ही में 15 जून को DRDO ने ओडिशा तट के पास डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम द्वीप से स्वदेशी लॉन्ग रेंज लैंड अटैक क्रूज़ मिसाइल (LRLACM) का भी सफल परीक्षण किया था। लगातार सफल मिसाइल परीक्षण भारत की स्वदेशी रक्षा तकनीक और सैन्य क्षमता में हो रही प्रगति को दर्शाते हैं।

Related Articles

Back to top button