पूजा घर में सो रहे 3 साल के मासूम को करैत ने डसा, अस्पताल पहुंचने से पहले मौत

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के कटघोरा से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है। पुरानी बस्ती के खालेपारा इलाके में मंगलवार देर रात पूजा घर में सो रहे तीन वर्षीय मासूम की जहरीले करैत सांप के काटने से मौत हो गई। परिजन बच्चे को तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन जिला अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी रास्ते में मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है, जबकि पूरे इलाके में दहशत फैल गई है।
दादी और बहन के साथ सो रहा था मासूम
जानकारी के मुताबिक, कटघोरा मुख्य बाजार निवासी व्यापारी विजय राज का तीन वर्षीय बेटा वाशु राज मंगलवार रात अपने घर के पूजा कक्ष में दादी और बहन के साथ सो रहा था। देर रात एक जहरीला करैत सांप चुपचाप कमरे में घुस आया और सो रहे मासूम को डस लिया। सांप के काटते ही बच्चा रोने और चीखने लगा। आवाज सुनकर दादी की नींद खुली तो उन्होंने बिस्तर के पास करैत सांप को देखा।
सांप की तलाश में जुटे परिजन और रेस्क्यू टीम
घटना के बाद परिजनों ने शोर मचाया और लाठी-डंडों की मदद से सांप की तलाश शुरू कर दी। सूचना मिलने पर स्नेक रेस्क्यू टीम भी मौके पर पहुंची और घर सहित आसपास के क्षेत्र में काफी देर तक खोजबीन की, लेकिन करैत सांप का कोई पता नहीं चल सका।
अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ दिया दम
सांप के काटने के तुरंत बाद परिजन बच्चे को कटघोरा के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। हालांकि, करैत का जहर तेजी से शरीर में फैल चुका था और जिला अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में मासूम ने दम तोड़ दिया।
बरसात में बढ़ जाता है करैत का खतरा
विशेषज्ञों के अनुसार, बरसात के मौसम में करैत समेत अन्य जहरीले सांप भोजन और सुरक्षित स्थान की तलाश में घरों में प्रवेश कर जाते हैं। करैत मुख्य रूप से रात में सक्रिय रहता है और कई बार सो रहे लोगों को भी काट लेता है। इसका विष अत्यंत घातक माना जाता है, इसलिए सांप के काटने पर बिना देरी किए मरीज को निकटतम अस्पताल पहुंचाना चाहिए।
लोगों से सतर्क रहने की अपील
घटना के बाद स्थानीय लोगों और विशेषज्ञों ने बरसात के मौसम में विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। लोगों से रात में फर्श पर सोने से बचने, घर के आसपास साफ-सफाई बनाए रखने, दरवाजों और खिड़कियों की दरारें बंद रखने तथा सांप दिखाई देने पर उसे पकड़ने की कोशिश करने के बजाय तुरंत स्नेक रेस्क्यू टीम या वन विभाग को सूचना देने की सलाह दी गई है।



