3 साल में बदले जाएंगे सरकारी कर्मचारियों के डेस्क, छत्तीसगढ़ सरकार का बड़ा आदेश

रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने प्रशासनिक व्यवस्था में पारदर्शिता, जवाबदेही और कार्यकुशलता बढ़ाने के उद्देश्य से बड़ा फैसला लिया है। सामान्य प्रशासन विभाग (GAD) ने आदेश जारी करते हुए राज्य के सभी विभागों, संभागीय कार्यालयों, कलेक्टर कार्यालयों और अधीनस्थ कार्यालयों में अधिकारियों एवं कर्मचारियों के डेस्क असाइनमेंट (कार्य-पटल) का हर तीन वर्ष में अनिवार्य रूप से फेरबदल (Reshuffling) करने के निर्देश दिए हैं।
03 अगस्त 2026 को सचिव अविनाश चंपावत द्वारा जारी आदेश के अनुसार लंबे समय से एक ही डेस्क या शाखा में कार्यरत कर्मचारियों को अलग-अलग कार्यों का अनुभव दिलाने के लिए यह व्यवस्था लागू की गई है। सरकार का मानना है कि इससे कर्मचारियों की कार्य क्षमता, दक्षता और प्रशासनिक समझ में वृद्धि होगी।
आदेश की प्रमुख बातें
- राज्य के सभी विभागों, विभागाध्यक्ष कार्यालयों, संभागीय आयुक्त कार्यालयों, कलेक्टर कार्यालयों और अधीनस्थ कार्यालयों में हर तीन वर्ष में डेस्क असाइनमेंट बदला जाएगा।
- डेस्क परिवर्तन के दौरान प्रशासनिक आवश्यकता, कार्य की प्रकृति और कार्यालय हित का विशेष ध्यान रखा जाएगा।
- यदि किसी अधिकारी या कर्मचारी को विशेष परिस्थितियों में उसी डेस्क पर बनाए रखना आवश्यक हो, तो सक्षम प्राधिकारी की लिखित एवं कारणयुक्त अनुमति अनिवार्य होगी।
- सभी विभागाध्यक्ष और कार्यालय प्रमुख आदेश का समयबद्ध पालन सुनिश्चित करेंगे।
- डेस्क परिवर्तन से संबंधित सभी रिकॉर्ड और अभिलेख कार्यालय स्तर पर सुरक्षित रखे जाएंगे।
तुरंत प्रभाव से लागू
सामान्य प्रशासन विभाग ने स्पष्ट किया है कि यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होगा। इसके पालन की जिम्मेदारी सभी विभागाध्यक्षों और कार्यालय प्रमुखों को सौंपी गई है।
यह फैसला प्रशासनिक पारदर्शिता बढ़ाने, कर्मचारियों को विभिन्न शाखाओं का व्यावहारिक अनुभव दिलाने और सुशासन को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।



