ट्रैफिक जाम से राहत के लिए 10 QRT तैनात, सूचना मिलते ही 10 मिनट में पहुंच रही पुलिस, जारी हुआ हेल्पलाइन नंबर

राजधानी रायपुर में बढ़ती ट्रैफिक समस्या से लोगों को राहत दिलाने के लिए यातायात पुलिस ने 10 क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT) तैनात की हैं। इन टीमों का उद्देश्य ट्रैफिक जाम की सूचना मिलते ही तत्काल मौके पर पहुंचकर यातायात को सामान्य करना है। पुलिस के अनुसार, हेल्पलाइन पर सूचना मिलने के बाद औसतन 5 से 8 मिनट के भीतर टीम मौके पर पहुंच रही है और अब तक मिली सभी शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई की गई है।
आईटीएमएस कंट्रोल रूम से हो रही निगरानी
यातायात पुलिस की सभी QRT टीमों का संचालन इंटीग्रेटेड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (ITMS) कंट्रोल रूम से किया जा रहा है। कंट्रोल रूम में गूगल मैप और सीसीटीवी कैमरों की मदद से शहर के प्रमुख मार्गों और चौराहों पर लगातार निगरानी रखी जाती है। जैसे ही किसी स्थान पर ट्रैफिक जाम की सूचना मिलती है, संबंधित QRT को लोकेशन भेजकर तुरंत रवाना किया जाता है।
हेल्पलाइन पर अब तक मिलीं 88 शिकायतें
यातायात पुलिस द्वारा जारी हेल्पलाइन नंबर 94792-10632 पर अब तक 88 ट्रैफिक जाम की शिकायतें प्राप्त हुई हैं। सभी मामलों में QRT टीम ने औसतन 5 से 8 मिनट के भीतर मौके पर पहुंचकर जाम को समाप्त कराया।
इन समयों में सबसे ज्यादा रहता है ट्रैफिक दबाव
रायपुर शहर में प्रतिदिन सुबह 9 बजे से 10 बजे और शाम 6 बजे से 8 बजे के बीच सबसे अधिक ट्रैफिक दबाव देखने को मिलता है। इस दौरान कार्यालय, स्कूल-कॉलेज और बाजारों में आवाजाही बढ़ने से कई प्रमुख मार्गों पर जाम की स्थिति बन जाती है।
ट्रैफिक जाम की प्रमुख वजहें
- ट्रैफिक सिग्नलों का बंद होना
- लेफ्ट टर्न का बाधित होना
- सड़क किनारे अतिक्रमण
- अवैध पार्किंग
- लगातार बढ़ती वाहनों की संख्या
- व्यस्त चौराहों पर अत्यधिक यातायात
ट्रैफिक जाम दिखे तो तुरंत करें इस नंबर पर कॉल
यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि शहर में कहीं भी ट्रैफिक जाम की स्थिति दिखाई दे तो तुरंत 94792-10632 पर सूचना दें। सूचना मिलते ही QRT टीम मौके पर पहुंचकर यातायात को सुचारु करने का प्रयास करेगी।
पुलिस की अपील
पुलिस उपायुक्त (यातायात एवं प्रोटोकॉल) अर्चना झा ने नागरिकों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि वाहन चालक नो-पार्किंग में वाहन खड़े न करें, लेफ्ट टर्न को बाधित न करें और ट्रैफिक जाम की स्थिति बनने पर तुरंत हेल्पलाइन पर सूचना दें, ताकि शहर की यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे।



