राजनांदगांव के क्रिकेटरों का जलवा, महक नरवासे को BCCI हाई परफॉर्मेंस कैंप का बुलावा, रणजी संभावित टीम में 4 खिलाड़ियों का चयन

राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले के क्रिकेट खिलाड़ियों ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने महिला क्रिकेटर महक नरवासे को भारतीय अंडर-19 महिला टीम के हाई परफॉर्मेंस प्रशिक्षण शिविर के लिए बेंगलुरु स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (COE) में आमंत्रित किया है। वहीं, छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ (CSCS) ने 2026-27 सत्र के लिए रणजी ट्रॉफी और अंडर-23 टीम के संभावित खिलाड़ियों की सूची में राजनांदगांव के छह खिलाड़ियों को शामिल किया है। इस उपलब्धि से जिले के क्रिकेट जगत में उत्साह का माहौल है।

श्रीलंका सीरीज में दमदार प्रदर्शन का मिला इनाम

महक नरवासे ने हाल ही में भारतीय अंडर-19 महिला टीम की उपकप्तान के रूप में श्रीलंका के खिलाफ खेली गई एकदिवसीय श्रृंखला में शानदार प्रदर्शन किया था। उन्होंने पूरी सीरीज में सर्वाधिक विकेट लेकर अपनी गेंदबाजी की धार साबित की। इसी बेहतरीन प्रदर्शन के आधार पर BCCI ने उन्हें बेंगलुरु स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में आयोजित प्रतिष्ठित हाई परफॉर्मेंस कैंप के लिए चुना है, जहां देश के चुनिंदा युवा खिलाड़ियों को उन्नत प्रशिक्षण दिया जाएगा।

रणजी ट्रॉफी संभावित टीम में चार खिलाड़ियों को मौका

छत्तीसगढ़ की रणजी ट्रॉफी संभावित टीम में अजय मंडल, विकल्प तिवारी, दीपक यादव और 16 वर्षीय अर्षवीर भाटिया को शामिल किया गया है। यह पहली बार है जब जिला क्रिकेट एसोसिएशन (DCA) के चार खिलाड़ियों को एक साथ रणजी ट्रॉफी की संभावित टीम में जगह मिली है।

इन खिलाड़ियों को बेंगलुरु में आयोजित 15 दिवसीय विशेष प्रशिक्षण शिविर में छत्तीसगढ़ टीम के नवनियुक्त मुख्य कोच अमय खुरासिया प्रशिक्षण दे रहे हैं।

16 वर्षीय अर्षवीर को मिला बड़ा अवसर

महज 16 वर्षीय अर्षवीर भाटिया को जूनियर क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन के दम पर सीधे सीनियर रणजी संभावित टीम में शामिल किया गया है। वहीं विकल्प तिवारी ने पिछले सत्र में लगातार अच्छे प्रदर्शन से चयनकर्ताओं का भरोसा जीता, जबकि दीपक यादव को अंडर-23 टीम की कप्तानी के दौरान बल्ले और गेंद दोनों से उत्कृष्ट प्रदर्शन का पुरस्कार मिला है।

अंडर-23 संभावित टीम में भी दो खिलाड़ियों का चयन

राज्य की अंडर-23 संभावित टीम में भी राजनांदगांव के आरिन द्विवेदी और बी. बालाजी राव को स्थान मिला है। जिले के छह खिलाड़ियों के एक साथ चयन से स्थानीय क्रिकेट प्रतिभाओं को नई पहचान मिली है और युवा खिलाड़ियों का उत्साह भी बढ़ा है।

जिला क्रिकेट संघ ने दी बधाई

जिला क्रिकेट एसोसिएशन के पदाधिकारियों और सदस्यों ने सभी चयनित खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। एसोसिएशन के प्रवक्ता लक्ष्मण लोहिया ने कहा कि यह उपलब्धि जिले में क्रिकेट के लगातार बढ़ते स्तर, खिलाड़ियों की मेहनत और बेहतर प्रशिक्षण व्यवस्था का परिणाम है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले सत्र में ये खिलाड़ी छत्तीसगढ़ के साथ-साथ देश का नाम भी रोशन करेंगे।

Related Articles

Back to top button