सरगुजा में तेज रफ्तार क्रेटा कार ने पैदल लौट रहे युवक को कुचला, मौके पर मौत, चालक ग्रामीणों के हत्थे चढ़ा

अंबिकापुर। सरगुजा जिले के सीतापुर थाना क्षेत्र में रविवार अलसुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में पैदल घर लौट रहे एक युवक की मौत हो गई। अंबिकापुर-रायगढ़ नेशनल हाईवे-43 पर तेज रफ्तार क्रेटा कार ने युवक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि युवक करीब 15 मीटर दूर जा गिरा और सिर समेत शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
शौच के बाद घर लौट रहा था युवक
पुलिस के अनुसार, सीतापुर थाना क्षेत्र के ग्राम मंगारी के कोलतापारा निवासी अर्जुन बखला (45 वर्ष), पिता पैगा बखला, रविवार सुबह शौच के लिए खेत की ओर गए थे। सुबह करीब 5 बजे वह पैदल घर लौट रहे थे। इस दौरान अंबिकापुर-रायगढ़ नेशनल हाईवे पर जूनापारा के पास सड़क किनारे चलते समय अंबिकापुर की ओर से आ रही तेज रफ्तार क्रेटा कार (क्रमांक CG 15 EC 5927) ने उन्हें टक्कर मार दी।
टक्कर के बाद भागने लगा चालक, ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस को सौंपा
हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार होने की कोशिश करने लगा, लेकिन आसपास मौजूद ग्रामीणों ने उसका पीछा कर पकड़ लिया। इसके बाद चालक को सीतापुर पुलिस के हवाले कर दिया गया। पुलिस ने कार को जब्त कर आरोपी चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
परिजनों ने जताई नाराजगी
घटना के बाद पुलिस ने युवक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया। इस दौरान मृतक के परिजनों ने नाराजगी जताते हुए आरोप लगाया कि उन्हें बिना सूचना दिए ही पुलिस शव अस्पताल ले गई।
पुलिस जांच में जुटी
सीतापुर पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।



