रायपुर पुलिस कमिश्नरेट में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, तीन वरिष्ठ अधिकारियों को मिली नई जिम्मेदारी

रायपुर। छत्तीसगढ़ में पुलिस विभाग में प्रशासनिक फेरबदल का सिलसिला लगातार जारी है। इसी क्रम में राज्य शासन के गृह (पुलिस) विभाग ने रायपुर पुलिस कमिश्नरेट में तीन वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की नई पदस्थापना के आदेश जारी किए हैं। प्रशासनिक आधार पर जारी आदेश के तहत अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। यह व्यवस्था आगामी आदेश तक प्रभावी रहेगी।
इन अधिकारियों को मिली नई जिम्मेदारी
गृह (पुलिस) विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार—
- तारकेश्वर पटेल, जो वर्तमान में अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (जोन मध्य), कमिश्नरेट रायपुर के पद पर कार्यरत थे, उन्हें पुलिस उपायुक्त (जोन मध्य), कमिश्नरेट रायपुर नियुक्त किया गया है।
- दीपमाला कश्यप, जो अब तक जनरल पुलिस अधीक्षक, विशेष शाखा, बिलासपुर के पद पर पदस्थ थीं, उन्हें पुलिस उपायुक्त (जोन उत्तर), कमिश्नरेट रायपुर की जिम्मेदारी सौंपी गई है। अब राजधानी के उत्तर जोन की कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था की कमान उनके हाथों में होगी।
- अर्चना झा, जो वर्तमान में अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (हेडक्वार्टर, प्रशिक्षण, डीसीबी, अजाक एवं सीएडब्ल्यू), कमिश्नरेट रायपुर के पद पर कार्यरत थीं, उन्हें पुलिस उपायुक्त (यातायात एवं प्रोटोकॉल), कमिश्नरेट रायपुर नियुक्त किया गया है। नई जिम्मेदारी के तहत वे राजधानी की यातायात व्यवस्था, वीआईपी प्रोटोकॉल और संबंधित व्यवस्थाओं की निगरानी करेंगी।
तत्काल प्रभाव से लागू होंगे आदेश
गृह विभाग ने स्पष्ट किया है कि यह पदस्थापना प्रशासनिक आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए की गई है। आदेश के अनुसार तीनों अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से अपने नए पद का कार्यभार ग्रहण करना होगा और यह व्यवस्था अगले आदेश तक प्रभावी रहेगी।
लगातार जारी है प्रशासनिक फेरबदल
उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ पुलिस विभाग में पिछले कुछ समय से लगातार तबादलों और नई नियुक्तियों का दौर जारी है। शासन प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक प्रभावी और जवाबदेह बनाने के उद्देश्य से समय-समय पर अधिकारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव कर रहा है। रायपुर पुलिस कमिश्नरेट में किया गया यह ताजा फेरबदल भी इसी प्रशासनिक प्रक्रिया का हिस्सा माना जा रहा है।



