महादेव ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क पर शिकंजा, श्रीलंका में 147 भारतीय युवक हाउस अरेस्ट, सिकंदर प्रसाद की तलाश तेज

रायपुर। महादेव ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई लगातार तेज होती जा रही है। दुबई के बाद अब श्रीलंका में भी कथित ऑनलाइन सट्टा संचालन से जुड़े एक ठिकाने पर स्थानीय पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। कार्रवाई के दौरान 147 भारतीय युवकों को हाउस अरेस्ट किए जाने की जानकारी सामने आई है। इनमें छत्तीसगढ़ के भिलाई, दुर्ग, रायपुर और राजनांदगांव के अलावा उत्तर प्रदेश और बिहार के युवक भी शामिल बताए जा रहे हैं। सभी के पासपोर्ट और वीजा जब्त कर जांच की जा रही है।
नौकरी का झांसा देकर भेजे जाने का आरोप
सूत्रों के अनुसार, महादेव नेटवर्क से जुड़े कथित ऑपरेटर सिकंदर प्रसाद ने युवकों को निजी कंपनी में नौकरी दिलाने का झांसा देकर श्रीलंका भेजा था। उन्हें करीब 45 हजार रुपये प्रतिमाह वेतन, रहने और खाने की सुविधा का भरोसा दिया गया था। हालांकि, श्रीलंका में हुई कार्रवाई के बाद कई परिवारों को पता चला कि उनके बच्चे कथित तौर पर ऑनलाइन सट्टा पैनल के संचालन से जुड़े कार्यों में लगे हुए थे।
सिकंदर प्रसाद की तलाश में पुलिस
सूत्रों का दावा है कि श्रीलंका में कार्रवाई की जानकारी मिलने के बाद सिकंदर प्रसाद दुबई से भारत लौट आया और फिलहाल फरार बताया जा रहा है। पुलिस उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है। उस पर पहले भी ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क से जुड़े संचालन के आरोप लग चुके हैं।
छावनी सीएसपी प्रशांत पैकरा के अनुसार, सिकंदर प्रसाद के जन्मदिन की पार्टी आयोजित होने की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी, लेकिन वह वहां नहीं मिला। फिलहाल उसकी तलाश जारी है।
दुबई में भी बढ़ा दबाव
सूत्रों के मुताबिक, महादेव ऐप के कथित प्रमोटरों सौरभ चंद्राकर और रवि उप्पल के खिलाफ भारतीय जांच एजेंसियां कार्रवाई की प्रक्रिया को आगे बढ़ा रही हैं। एजेंसियों ने उनकी कथित संपत्तियों और गतिविधियों से जुड़ी जानकारी भारतीय दूतावास के माध्यम से दुबई प्रशासन के साथ साझा की है। बताया जा रहा है कि वहां भी जांच और कार्रवाई तेज हो गई है।
रायपुर में 250 से अधिक गिरफ्तार
महादेवबुक सट्टा मामले में रायपुर पुलिस अब तक 250 से अधिक आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। इनमें अधिकांश लोग कथित तौर पर आईडी और पैनल संचालकों के लिए काम करने वाले बताए गए हैं। हालांकि, जांच एजेंसियों के अनुसार, कई बड़े पैनल संचालक अब भी गिरफ्त से बाहर हैं और उनकी पहचान व तलाश जारी है।
करीब 40 एफआईआर दर्ज
महादेवबुक से जुड़े मामलों में राज्य के विभिन्न थानों में अब तक करीब 40 एफआईआर दर्ज की जा चुकी हैं। इन मामलों में सौरभ चंद्राकर, रवि उप्पल और शुभम सोनी समेत कई अन्य लोगों को आरोपी बनाया गया है। जांच एजेंसियां पूरे नेटवर्क की वित्तीय गतिविधियों, अंतरराष्ट्रीय कनेक्शन और अन्य संबंधित पहलुओं की जांच में जुटी हुई हैं।



