रायपुर में काले बादल, फिर भी नहीं बरसे मेघ; उमस से लोग बेहाल, 13 जिलों में येलो अलर्ट

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून की रफ्तार फिलहाल धीमी पड़ गई है। पिछले दो दिनों तक हुई अच्छी बारिश के बाद राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। शनिवार को दिनभर आसमान में काले बादल छाए रहे, लेकिन अधिकांश क्षेत्रों में बारिश नहीं हुई। इसके चलते गर्मी और उमस बढ़ गई, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

रायपुर में बादल छाए, लेकिन नहीं मिली राहत

राजधानी रायपुर में सुबह से ही बादलों का डेरा रहा। कई इलाकों में हल्की बूंदाबांदी की संभावना बनी रही, लेकिन अधिकांश स्थानों पर बारिश नहीं हुई। धूप कम रहने के बावजूद हवा में नमी अधिक होने से चिपचिपी गर्मी ने लोगों का हाल बेहाल कर दिया। घरों से लेकर बाजार तक लोग पूरे दिन उमस से परेशान नजर आए।

मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को रायपुर का अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

बंगाल की खाड़ी में नए सिस्टम का इंतजार

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक फिलहाल मानसून की सक्रियता कमजोर बनी हुई है। प्रदेश में व्यापक और अच्छी बारिश के लिए अब बंगाल की खाड़ी में बनने वाले नए मौसम तंत्र (सिस्टम) का इंतजार किया जा रहा है। इसके सक्रिय होने के बाद प्रदेश के कई हिस्सों में फिर से अच्छी बारिश की संभावना बन सकती है।

13 जिलों में येलो अलर्ट जारी

मौसम विभाग ने प्रदेश के 13 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है।

लोगों को अभी और करना पड़ सकता है इंतजार

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक मौसम में बदलाव की स्थिति बनी रह सकती है। जब तक बंगाल की खाड़ी में नया सिस्टम सक्रिय नहीं होता, तब तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में रुक-रुक कर हल्की बारिश और उमस भरा मौसम बना रहने की संभावना है।

Related Articles

Back to top button