छत्तीसगढ़ पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल, दुर्ग-सरगुजा-राजनांदगांव रेंज के IG बदलने की तैयारी

रायपुर। छत्तीसगढ़ पुलिस विभाग में महानिरीक्षक (IG) से लेकर पुलिस अधीक्षक (SP) स्तर तक बड़े पैमाने पर तबादलों की तैयारी अंतिम चरण में पहुंच गई है। गृह विभाग और पुलिस मुख्यालय (PHQ) द्वारा तैयार की गई संभावित सूची को लगभग अंतिम रूप दिया जा चुका है। अब केवल मुख्यमंत्री की मंजूरी का इंतजार है। सूत्रों के अनुसार, 15 जुलाई से पहले कभी भी तबादला आदेश जारी किए जा सकते हैं।
जानकारी के मुताबिक इस प्रशासनिक फेरबदल में 12 से अधिक वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों के प्रभार बदलने की संभावना है। इसका उद्देश्य पुलिस व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाना तथा प्रशासनिक जरूरतों के अनुरूप अधिकारियों की नई तैनाती करना बताया जा रहा है।
तीन पुलिस रेंज के आईजी बदलने की तैयारी
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार दुर्ग, सरगुजा और राजनांदगांव रेंज में नए आईजी की नियुक्ति की जा सकती है।
संभावित बदलाव इस प्रकार हैं—
- नेताजी सुभाष चंद्र बोस राज्य पुलिस अकादमी, चंदखुरी के डायरेक्टर अजय यादव को राजनांदगांव रेंज का आईजी बनाया जा सकता है।
- वर्तमान राजनांदगांव आईजी बालाजी राव सोमावर को सरगुजा रेंज की जिम्मेदारी मिलने की संभावना है।
- सरगुजा रेंज के मौजूदा आईजी दीपक कुमार झा को दुर्ग रेंज भेजा जा सकता है।
- दुर्ग रेंज के वर्तमान आईजी अभिषेक शांडिल्य को पुलिस अकादमी चंदखुरी या पुलिस मुख्यालय में नई जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है।
इसके अलावा बिलासपुर एसएसपी रजनेश सिंह और जशपुर एसएसपी शशिमोहन सिंह के नामों पर भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों के लिए विचार किया जा रहा है।
रायपुर कमिश्नरेट और जिलों के एसपी भी बदलेंगे
संभावित सूची के अनुसार रायपुर पुलिस कमिश्नरेट में पदस्थ डीसीपी और कई जिलों के पुलिस अधीक्षकों के कार्यक्षेत्र में भी व्यापक बदलाव देखने को मिल सकता है।
संभावित प्रस्ताव के अनुसार—
- डीसीपी उमेश प्रसाद गुप्ता को दंतेवाड़ा का एसपी बनाया जा सकता है।
- डीसीपी मयंक गुर्जर को बीजापुर की जिम्मेदारी मिल सकती है।
- डीसीपी संदीप पटेल को सुकमा एसपी बनाया जा सकता है।
वहीं इनके स्थान पर—
- राजेश कुकरेजा
- चंद्रमोहन सिंह
- त्रिलोक बंसल
को रायपुर पुलिस कमिश्नरेट में डीसीपी के रूप में पदस्थ किए जाने की संभावना जताई जा रही है।
इसके अलावा डीआईजी प्रशांत ठाकुर, राजेश अग्रवाल और रामकृष्ण साहू को मैदानी पदस्थापना से हटाकर पुलिस मुख्यालय में नई जिम्मेदारी दिए जाने की भी चर्चा है।
जिलों के संभावित नए पुलिस अधीक्षक
संभावित तबादला सूची के अनुसार इन अधिकारियों के नाम भी सामने आए हैं—
- भोजराम पटेल (मुंगेली एसपी) → बेमेतरा एसपी
- किरण गंगाराम (सुकमा एसपी) → कोरिया जिले की कमान
- निखिल राखेचा (कांकेर एसपी) → सरगुजा (अंबिकापुर) एसपी
- राय गौरव रामप्रवेश (दंतेवाड़ा एसपी) → सूरजपुर एसपी
- जितेन्द्र यादव (बीजापुर एसपी) → मुंगेली एसपी
आधिकारिक आदेश का इंतजार
हालांकि अभी तक गृह विभाग की ओर से कोई आधिकारिक तबादला आदेश जारी नहीं किया गया है। सामने आई सूची संभावित मानी जा रही है और अंतिम निर्णय मुख्यमंत्री की स्वीकृति के बाद ही लागू होगा। ऐसे में आदेश जारी होने तक इन नामों में बदलाव की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा सकता।



