राशन वितरण व्यवस्था में बड़ा बदलाव, अब सिर्फ बायोमेट्रिक सत्यापन के बाद मिलेगा राशन

मनेंद्रगढ़।सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) के तहत राशन वितरण व्यवस्था में इस माह से बड़ा बदलाव लागू कर दिया गया है। अब जिले की सभी उचित मूल्य दुकानों में हितग्राहियों को ई-पॉस मशीन पर बायोमेट्रिक सत्यापन (फिंगरप्रिंट) के बाद ही राशन दिया जाएगा। शासन ने मोबाइल OTP के माध्यम से राशन वितरण की सामान्य सुविधा बंद कर दी है।
सरकार का कहना है कि इस निर्णय का उद्देश्य राशन वितरण प्रणाली को अधिक पारदर्शी, सुरक्षित और त्रुटिरहित बनाना है, ताकि फर्जी लाभार्थियों पर रोक लगाई जा सके और खाद्यान्न केवल पात्र हितग्राहियों तक ही पहुंचे।
अब नहीं मिलेगा OTP के जरिए राशन
अब तक जिन हितग्राहियों का फिंगरप्रिंट ई-पॉस मशीन में सत्यापित नहीं हो पाता था, उन्हें मोबाइल पर प्राप्त OTP के जरिए राशन दिया जाता था। नई व्यवस्था लागू होने के बाद यह सुविधा समाप्त कर दी गई है।
इस बदलाव के बाद विशेष रूप से बुजुर्ग, दिव्यांगजन और ऐसे हितग्राही जिनके फिंगरप्रिंट मशीन में बार-बार मैच नहीं होते, उनके सामने राशन प्राप्त करने की समस्या खड़ी हो सकती है।
विशेष श्रेणी के हितग्राहियों के लिए अलग व्यवस्था पर विचार
खाद्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार, 60 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्गों, 10 वर्ष से कम उम्र के बच्चों तथा तकनीकी कारणों से बायोमेट्रिक सत्यापन नहीं करा पाने वाले हितग्राहियों के लिए अलग व्यवस्था बनाने पर विचार किया जा रहा है। इस संबंध में शासन से दिशा-निर्देश प्राप्त किए जा रहे हैं।
जुलाई से पूरी तरह लागू होगी नई व्यवस्था
अधिकारियों के मुताबिक, जून माह में कई स्थानों पर हितग्राहियों को एकमुश्त तीन माह का राशन वितरित किया गया था, जिससे वर्तमान में उचित मूल्य दुकानों पर भीड़ कम है। हालांकि जुलाई माह के नियमित वितरण के दौरान नई व्यवस्था पूरी तरह लागू होने पर बायोमेट्रिक सत्यापन में दिक्कत वाले हितग्राहियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
खाद्य विभाग ने सभी उचित मूल्य दुकानों को नई व्यवस्था के संबंध में आवश्यक निर्देश जारी कर दिए हैं।
हितग्राहियों ने जताई चिंता
वार्ड क्रमांक 8 के हितग्राही रवि कुमार ने बताया कि उनके दोनों हाथों की उंगलियों में समस्या होने के कारण फिंगरप्रिंट मशीन में थंब मैच नहीं होता। पहले OTP के जरिए राशन मिल जाता था, लेकिन अब नई व्यवस्था लागू होने के बाद उन्हें राशन मिलने को लेकर चिंता है।
इसी तरह वार्ड क्रमांक 10 के शिवजी ने कहा कि कई वर्षों से उनके हाथों की उंगलियां ठीक से काम नहीं करतीं, जिससे बायोमेट्रिक सत्यापन संभव नहीं हो पाता। OTP सुविधा बंद होने के बाद अब उन्हें समझ नहीं आ रहा कि राशन कैसे मिलेगा।
क्या बोले जिला खाद्य अधिकारी
जिला खाद्य अधिकारी जितेंद्र कुमार शुक्ला ने बताया कि शासन ने OTP आधारित राशन वितरण व्यवस्था बंद कर दी है। जिन हितग्राहियों का बायोमेट्रिक सत्यापन संभव नहीं है या जो दिव्यांग हैं, उनके संबंध में शासन से मार्गदर्शन मांगा गया है। शासन से निर्देश प्राप्त होने के बाद आगे की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
उन्होंने कहा कि विभाग का प्रयास रहेगा कि कोई भी पात्र हितग्राही राशन से वंचित न रहे और शासन के निर्देशों के अनुरूप आवश्यक वैकल्पिक व्यवस्था लागू की जाएगी।



