बिलासपुर में 31 जुलाई से घर-घर पहुंचेगी PNG गैस, 1300 रुपये में कनेक्शन और EMI की सुविधा

बिलासपुर। शहर में घरेलू गैस आपूर्ति का स्वरूप जल्द ही बदलने वाला है। एलपीजी सिलेंडर पर निर्भरता कम करने की दिशा में अडानी टोटल गैस लिमिटेड ने पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) परियोजना पर तेजी से काम शुरू कर दिया है। कंपनी के अनुसार, 31 जुलाई 2026 से राजकिशोर नगर (आरके नगर) क्षेत्र में घरेलू पीएनजी की नियमित सप्लाई शुरू कर दी जाएगी। इसके बाद अन्य इलाकों में भी चरणबद्ध तरीके से कनेक्शन दिए जाएंगे।
अब तक शहर में 330 से अधिक परिवारों ने पीएनजी कनेक्शन के लिए आवेदन किया है। इनमें से करीब 30 घरों में मीटर लगाने और कनेक्शन देने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। कंपनी का कहना है कि शुरुआती चरण में राजकिशोर नगर से गैस आपूर्ति शुरू होगी, जिसके बाद मोपका, सरकंडा और गीतांजलि सिटी के उपभोक्ताओं को भी सुविधा मिलेगी।
54 किलोमीटर पाइपलाइन का नेटवर्क तैयार
कंपनी के अनुसार, बिलासपुर शहर में अब तक करीब 54 किलोमीटर लंबी पीएनजी पाइपलाइन बिछाई जा चुकी है। घरेलू गैस वितरण के लिए आवश्यक नेटवर्क का लगातार विस्तार किया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक घरों तक पाइप्ड गैस की सुविधा पहुंचाई जा सके।
1300 रुपये में मिलेगा पीएनजी कनेक्शन
उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए कंपनी ने आसान भुगतान व्यवस्था लागू की है। पीएनजी कनेक्शन की कुल लागत लगभग 6000 रुपये है, जिसमें मीटर, पाइपलाइन, फिटिंग और अन्य आवश्यक उपकरण शामिल हैं। हालांकि उपभोक्ता महज 1300 रुपये की शुरुआती राशि देकर कनेक्शन ले सकते हैं, जबकि शेष राशि ईएमआई के माध्यम से जमा की जा सकेगी।
कच्छार प्लांट से होगी पूरे शहर में गैस आपूर्ति
कच्छार क्षेत्र में स्थापित ट्रांसमिशन गैस प्लांट पूरी तरह तैयार हो चुका है और वहां प्राकृतिक गैस की आपूर्ति भी शुरू हो गई है। इसी प्लांट से पूरे शहर में बिछाए गए पाइपलाइन नेटवर्क के माध्यम से घरेलू उपभोक्ताओं तक गैस पहुंचाई जाएगी। कंपनी का कहना है कि गैस सप्लाई के लिए आवश्यक अधिकांश आधारभूत ढांचा तैयार हो चुका है।
तीन चरणों में होगा नेटवर्क का विस्तार
अडानी टोटल गैस लिमिटेड ने बिलासपुर में पीएनजी नेटवर्क को तीन चरणों में विकसित करने की योजना बनाई है।
- पहला चरण: राजकिशोर नगर, मोपका, सरकंडा और गीतांजलि सिटी
- दूसरा चरण: मंगला क्षेत्र
- तीसरा चरण: कोनी क्षेत्र
इन क्षेत्रों में अधिकांश पाइपलाइन बिछाई जा चुकी है। फिलहाल तकनीकी परीक्षण और प्रारंभिक संचालन के कारण राजकिशोर नगर से गैस सप्लाई की शुरुआत की जाएगी।
कंपनी का बयान
अडानी टोटल गैस लिमिटेड के स्टेट हेड विनोद साहू ने बताया कि अब तक 330 से अधिक घरेलू उपभोक्ताओं के आवेदन प्राप्त हो चुके हैं और करीब 30 घरों में मीटर स्थापना एवं कनेक्शन का कार्य शुरू कर दिया गया है। कंपनी का लक्ष्य 31 जुलाई तक राजकिशोर नगर क्षेत्र में नियमित पीएनजी सप्लाई शुरू करना है। इसके बाद मोपका, सरकंडा, गीतांजलि सिटी सहित अन्य क्षेत्रों में भी चरणबद्ध तरीके से कनेक्शन उपलब्ध कराए जाएंगे।



