नकटी गांव पहुंचे भूपेश बघेल और दीपक बैज, प्रभावित परिवारों से की मुलाकात; बोले- सड़क से सदन तक लड़ेगी कांग्रेस

रायपुर। राजधानी रायपुर से लगे नकटी गांव में अतिक्रमण हटाने की प्रशासनिक कार्रवाई के बाद मंगलवार को पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज प्रभावित परिवारों से मिलने पहुंचे। दोनों नेताओं ने टूटे हुए मकानों का निरीक्षण किया, पीड़ित परिवारों से बातचीत की और गांव में चौपाल लगाकर उनकी समस्याएं सुनीं। कांग्रेस ने इस मुद्दे को सड़क से लेकर विधानसभा तक उठाने का ऐलान किया है।
दीपक बैज ने कहा कि कांग्रेस प्रशासन की कार्रवाई का विरोध करती है और प्रभावित परिवारों के साथ हर स्तर पर खड़ी रहेगी। उन्होंने कहा कि यदि गरीबों के घर तोड़कर विधायक और अधिकारियों के लिए आवास बनाए जा रहे हैं, तो यह स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं निकला तो कांग्रेस बड़े स्तर पर आंदोलन करेगी।
बैज ने भाजपा विधायक अनुज शर्मा और सांसद बृजमोहन अग्रवाल पर भी निशाना साधते हुए कहा कि यदि दोनों जनप्रतिनिधि चाहते तो यह कार्रवाई रोकी जा सकती थी। उन्होंने कहा कि इस मामले में उनसे जवाब मांगा जाना चाहिए।
भूपेश बघेल ने उठाए मुआवजे और पुनर्वास के सवाल
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आरोप लगाया कि प्रशासन ने गरीब परिवारों के घरों पर कार्रवाई की, जबकि प्रभावशाली लोगों के अवैध निर्माणों पर कोई कदम नहीं उठाया गया। उन्होंने मांग की कि जिन लोगों के मकान तोड़े गए हैं, उन्हें पूर्ण मुआवजा दिया जाए और उनकी आजीविका के नुकसान की भी भरपाई की जाए।
बघेल ने कहा कि किसी भी कार्रवाई से पहले प्रभावित परिवारों के पुनर्वास की व्यवस्था की जानी चाहिए थी। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने गरीबों पर बुलडोजर चलाकर अपनी ताकत दिखाने का प्रयास किया है।
उन्होंने भाजपा नेताओं बृजमोहन अग्रवाल और अनुज शर्मा का नाम लेते हुए कहा कि यदि वे पहल करते तो लोगों के घर टूटने से बच सकते थे। साथ ही उन्होंने गांव और आसपास के सभी अवैध कब्जों पर समान रूप से कार्रवाई करने की मांग की।
राज्यपाल से मुलाकात और विधानसभा में उठेगा मुद्दा
कांग्रेस ने घोषणा की है कि इस मामले को लेकर जल्द ही पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल राज्यपाल से मुलाकात करेगा। साथ ही विधानसभा के आगामी मानसून सत्र में भी नकटी गांव में हुई कार्रवाई और प्रभावित परिवारों के पुनर्वास का मुद्दा प्रमुखता से उठाया जाएगा।
इस दौरान पूर्व विधायक सत्यनारायण शर्मा, धनेन्द्र साहू, ग्रामीण जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजेन्द्र पप्पू बंजारे, शहर अध्यक्ष श्रीकुमार शंकर मेनन सहित कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।



