रायपुर में खंड वर्षा का असर, शहर में झमाझम बारिश लेकिन मौसम केंद्र में नहीं दर्ज हुई बूंदें

रायपुर। राजधानी रायपुर में पिछले दो दिनों से कई इलाकों में तेज बारिश हो रही है, लेकिन लालपुर स्थित मौसम विज्ञान केंद्र में बारिश दर्ज नहीं होने से आधिकारिक वर्षा आंकड़ों में इसका उल्लेख नहीं हो पा रहा है। बुधवार और गुरुवार की रात मौसम केंद्र में केवल बूंदाबांदी हुई, जबकि शहर के विभिन्न क्षेत्रों में क्रमशः 30 मिमी और 20 मिमी से अधिक बारिश रिकॉर्ड की गई।
मौसम विभाग के अनुसार इसे खंड वर्षा (Localized Rainfall) कहा जाता है। इस स्थिति में एक ही शहर के कुछ हिस्सों में भारी बारिश होती है, जबकि अन्य क्षेत्र पूरी तरह सूखे रह जाते हैं। चूंकि आधिकारिक वर्षा मापन मौसम केंद्र पर दर्ज आंकड़ों के आधार पर किया जाता है, इसलिए वहां बारिश नहीं होने पर संबंधित दिन का वर्षा रिकॉर्ड अपडेट नहीं हो पाता।
रायपुर प्रदेश में सबसे गर्म
बारिश के मौसम के बावजूद रायपुर प्रदेश का सबसे गर्म शहर बना हुआ है। शुक्रवार को शहर का अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.7 डिग्री अधिक है। वहीं न्यूनतम तापमान 26.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से थोड़ा ज्यादा है।
मौसम विभाग ने अगले दो दिनों के दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में आकाशीय बिजली गिरने और गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई है।
बस्तर संभाग समेत कई इलाकों में अच्छी बारिश
पिछले 24 घंटों के दौरान बस्तर संभाग सहित प्रदेश के अनेक क्षेत्रों में हल्की से तेज बारिश दर्ज की गई। करपावंड और सामरी में 5-5 सेंटीमीटर, बास्तानार में 4 सेंटीमीटर तथा बकावंड, अंबिकापुर और भानपुरी में 3-3 सेंटीमीटर वर्षा हुई।
इसी प्रकार नगरी, छुईखदान, मर्दापाल, लोहंडीगुड़ा, कुकरेल, दुर्ग, लाभांडी, पलारी और कोंडागांव में लगभग 1-1 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई।
मानसून की दस्तक का इंतजार
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में मानसून के अगले 3 से 4 दिनों के भीतर पहुंचने की संभावना बनी हुई है। हालांकि शुक्रवार को जारी मौसम बुलेटिन में विभाग ने मानसून आगमन की पूर्व घोषित संभावित तिथि का उल्लेख हटा दिया, जिससे मानसून की प्रगति को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है।
मई-जून 2025 में रायपुर का अधिकतम तापमान
| तिथि | अधिकतम तापमान |
|---|---|
| 25 मई | 34.7°C |
| 26 मई | 34.1°C |
| 27 मई | 35.8°C |
| 28 मई | 35.6°C |
| 29 मई | 37.7°C |
| 30 मई | 37.8°C |
| 31 मई | 30.7°C |
| 1 जून | 37.2°C |
| 2 जून | 37.8°C |
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि मानसून की सक्रियता बढ़ने के साथ आने वाले दिनों में तापमान में गिरावट और वर्षा गतिविधियों में वृद्धि देखने को मिल सकतीरायपुर में खंड वर्षा का असर, शहर में झमाझम बारिश लेकिन मौसम केंद्र में नहीं दर्ज हुई बूंदें है।


