नौतपा के बीच बदला छत्तीसगढ़ का मौसम: अंबिकापुर-सूरजपुर में बारिश से राहत, 27 जिलों में अलर्ट जारी


छत्तीसगढ़ में नौतपा के बीच मौसम ने अचानक करवट ले ली है। सरगुजा संभाग के कई इलाकों में हुई बारिश से लोगों को भीषण गर्मी और हीटवेव से राहत मिली है। अंबिकापुर, सूरजपुर समेत कई क्षेत्रों में मौसम सुहावना हो गया है। वहीं मौसम विभाग ने राजधानी रायपुर सहित प्रदेश के 27 जिलों में आंधी, बारिश और वज्रपात को लेकर यलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
अगले 24 घंटे में तापमान गिरने के आसार
मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटों में प्रदेश के अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव दर्ज नहीं किया गया, हालांकि कुछ क्षेत्रों में हल्की हीटवेव की स्थिति बनी रही। विभाग ने अनुमान जताया है कि अगले 24 घंटों में मौसम में और बदलाव देखने को मिल सकता है तथा कई इलाकों में तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी।
बारिश और बादलों की गतिविधियां बढ़ने से लोगों को तेज गर्मी से राहत मिलने की संभावना जताई गई है।
प्रदेशभर में बढ़ेगी बारिश और गरज-चमक की गतिविधियां
मौसम विभाग ने बताया कि आज से पूरे प्रदेश में मेघगर्जन, तेज हवाएं, वज्रपात और बारिश की गतिविधियों में तेजी आ सकती है। कई इलाकों में तेज हवा के साथ बारिश और कहीं-कहीं भारी वर्षा होने की संभावना है।
27 जिलों में यलो और ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने अगले कुछ घंटों के लिए प्रदेश के 27 जिलों में अलर्ट जारी किया है।
जशपुर, सरगुजा, सूरजपुर और बलरामपुर में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
वहीं यलो अलर्ट वाले जिलों में सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदा बाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली और कोरिया शामिल हैं।
रायपुर में दिनभर छाए रह सकते हैं बादल
राजधानी रायपुर में आज दिनभर बादल छाए रहने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने गरज-चमक के साथ तेज हवाएं और बारिश होने की चेतावनी जारी की है। अधिकतम तापमान करीब 44 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान लगभग 29 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। हालांकि बारिश के कारण तापमान में गिरावट हो सकती है।
लोगों को सतर्क रहने की सलाह
मौसम विभाग ने नागरिकों से आंधी-तूफान और वज्रपात के दौरान सतर्क रहने की अपील की है। लोगों को खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों के पास खड़े होने से बचने की सलाह दी गई है। किसानों और ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को खेतों में काम करते समय विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं।



