रायपुर : उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने निर्माणाधीन सड़क का किया निरीक्षण

मुंगेली जिले में निर्माणाधीन सड़क परियोजनाओं की प्रगति का जायजा लेने पहुंचे उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव ने आज लोरमी से गोंडखाम्ही नहर तक बन रही लगभग 10 किलोमीटर लंबी सड़क का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सभी कार्य तय समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान श्री साव ने सड़क निर्माण से जुड़े विभिन्न पहलुओं की विस्तृत जानकारी अधिकारियों से ली। उन्होंने विशेष रूप से पोल शिफ्टिंग सहित अन्य तकनीकी और अधोसंरचनात्मक कार्यों को तेजी से पूरा करने पर जोर दिया, ताकि सड़क निर्माण में किसी प्रकार की देरी न हो।

उप मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाए और हर स्तर पर नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण में लापरवाही बरतने वाले जिम्मेदार अधिकारियों और एजेंसियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण और अंचल क्षेत्रों में बेहतर सड़क संपर्क उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम कर रही है, जिससे आम लोगों को आवागमन में सुविधा मिले और क्षेत्रीय विकास को गति मिल सके।

Related Articles

Back to top button