मधुबनी रेलवे स्टेशन पर खड़ी जयनगर-उधना एक्सप्रेस में लगी भीषण आग, बड़ा हादसा टला

Madhubani Railway Station पर गुरुवार सुबह उस समय अफरातफरी मच गई, जब प्लेटफॉर्म संख्या-03 पर पिछले दो-तीन दिनों से खड़ी गाड़ी संख्या 22563 Jaynagar–Udhna Express के एक कोच में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते कोच से ऊंची-ऊंची लपटें और काले धुएं का गुबार आसमान में उठने लगा। हालांकि राहत की बात यह रही कि ट्रेन पूरी तरह खाली थी, जिसके कारण किसी यात्री के हताहत होने की सूचना नहीं है।

उधना के लिए रवाना होने वाली थी ट्रेन

जानकारी के अनुसार, जयनगर-उधना एक्सप्रेस एक साप्ताहिक ट्रेन है। जयनगर स्टेशन पर वॉशिंग पिट और रेलवे लाइनों की कमी के कारण यह ट्रेन सोमवार से ही मधुबनी स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-03 पर खड़ी थी। गुरुवार को इसे गुजरात के उधना के लिए रवाना किया जाना था।

सुबह अचानक ट्रेन के एक कोच से धुआं निकलता दिखाई दिया। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया। प्लेटफॉर्म पर मौजूद यात्रियों और स्थानीय लोगों ने तुरंत रेलवे सुरक्षा बल (RPF) तथा स्टेशन मास्टर को इसकी सूचना दी।

दमकल की कई गाड़ियों ने पाया आग पर काबू

घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे प्रशासन ने फायर ब्रिगेड को सूचना दी। मौके पर अग्निशमन विभाग की 8 से 10 गाड़ियां पहुंचीं। दमकल कर्मियों और रेलवे स्टाफ ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया।

हालांकि तब तक संबंधित बोगी का अधिकांश हिस्सा जलकर पूरी तरह राख हो चुका था। आग लगने के दौरान स्टेशन परिसर में काफी देर तक अफरातफरी का माहौल बना रहा।

शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका

प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। हालांकि रेलवे प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए विस्तृत जांच के आदेश दिए हैं।

घटना की सूचना मिलते ही Samastipur Railway Division के डीआरएम Jyoti Prakash Mishra विशेष ट्रेन से अधिकारियों की टीम के साथ मधुबनी पहुंचे। उनके साथ कमांडेंट Ashish Kumar समेत कई वरिष्ठ रेलवे अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया।

बड़ा हादसा टला

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, जिस समय आग लगी उस वक्त ट्रेन खाली थी। यदि ट्रेन में यात्री मौजूद होते, तो यह घटना बड़े हादसे का रूप ले सकती थी। फिलहाल रेलवे प्रशासन आग लगने के कारणों की विस्तृत जांच में जुटा हुआ है।

Related Articles

Back to top button