Twisha Sharma Death Case: मौत या मर्डर? भोपाल पहुंचेगी CBI टीम, सुलझेगी फंदे की गुत्थी


भोपाल में चर्चित ट्विशा शर्मा मौत मामले में बड़ा अपडेट सामने आया है। सुप्रीम कोर्ट में हुई सुनवाई के बाद अब इस केस की जांच जल्द ही Central Bureau of Investigation को सौंपी जा सकती है। केंद्र सरकार की ओर से अदालत में भरोसा दिलाया गया है कि संबंधित अधिकारियों से चर्चा कर सीबीआई को जल्द जांच सौंपी जाएगी।
ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं। परिवार इसे हत्या बता रहा है, जबकि ससुराल पक्ष अलग-अलग दावे कर रहा है। ऐसे में अब पूरे मामले की सच्चाई सामने लाने के लिए सीबीआई जांच की मांग तेज हो गई है।
फंदे से लटकी मिली थी ट्विशा शर्मा
ट्विशा शर्मा का शव 12 मई को भोपाल के कटारा हिल्स स्थित ससुराल में फंदे से लटका मिला था। घटना के बाद परिवार ने पति और ससुराल पक्ष पर दहेज प्रताड़ना और आत्महत्या के लिए मजबूर करने जैसे गंभीर आरोप लगाए थे।
मामले ने उस समय और तूल पकड़ लिया जब शुरुआती पोस्टमार्टम रिपोर्ट को लेकर सवाल उठने लगे। रिपोर्ट में कथित गड़बड़ियों की बात सामने आने के बाद दोबारा पोस्टमार्टम कराने का आदेश दिया गया था।
सुप्रीम कोर्ट में हुई सुनवाई
सुनवाई के दौरान केंद्र सरकार की ओर से पेश सॉलिसिटर जनरल ने अदालत को बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सीबीआई जांच पर जल्द निर्णय लिया जा सकता है। अदालत ने भी इस पर सकारात्मक रुख दिखाया है।
सूत्रों के मुताबिक, जांच एजेंसी की टीम जल्द भोपाल पहुंच सकती है और मामले से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल करेगी। इसमें पोस्टमार्टम रिपोर्ट, घटनास्थल की परिस्थितियां, मोबाइल रिकॉर्ड और परिवार के आरोपों की जांच शामिल हो सकती है।
परिवार ने उठाए कई सवाल
ट्विशा शर्मा के परिजनों का कहना है कि यह सामान्य आत्महत्या का मामला नहीं है। उन्होंने मौत की परिस्थितियों और शुरुआती जांच प्रक्रिया पर सवाल खड़े किए हैं। परिवार लगातार निष्पक्ष जांच की मांग कर रहा है।
वहीं दूसरी ओर ससुराल पक्ष अपने ऊपर लगे आरोपों को गलत बता रहा है। मामले में अब सीबीआई जांच की संभावना के बाद सभी की नजरें आगे की कार्रवाई पर टिकी है |



