पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक से मोबाइल लूट, 8 घंटे में आरोपी गिरफ्तार; कांग्रेस ने कानून व्यवस्था पर उठाए सवाल

राजधानी रायपुर में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष और भाजपा विधायक धरमलाल कौशिक के साथ लूट की घटना सामने आने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। हालांकि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के करीब 8 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और लूटा गया मोबाइल भी बरामद कर लिया।

जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह करीब 7:15 बजे धरमलाल कौशिक मॉर्निंग वॉक पर निकले थे। वे पीडब्ल्यूडी आर्चब्रिज के पास मोबाइल पर बात करते हुए पैदल जा रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार एक युवक ने झपट्टा मारकर उनका मोबाइल छीन लिया और मौके से फरार हो गया।

सीसीटीवी फुटेज से आरोपी तक पहुंची पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही क्राइम ब्रांच और सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई, जिसके आधार पर पुलिस ने आरोपी मणिकांत ध्रुव को शक्तिनगर इलाके से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से लूटा गया मोबाइल भी बरामद कर लिया गया है।

पुलिस के मुताबिक आरोपी मूल रूप से बलौदाबाजार-भाटापारा जिले का रहने वाला है और वर्तमान में रायपुर के शक्तिनगर इलाके में रहता था। वह कभी-कभार रैपिडो चालक के रूप में भी काम करता था।

गनमैन नहीं होने से लुटेरे ने समझा आम नागरिक

बताया जा रहा है कि घटना के समय धरमलाल कौशिक के साथ कोई गनमैन मौजूद नहीं था। वे अकेले मॉर्निंग वॉक कर रहे थे। माना जा रहा है कि इसी वजह से आरोपी ने उन्हें आम नागरिक समझकर वारदात को अंजाम दिया।

आमतौर पर पूर्व विधानसभा अध्यक्ष, विधायक और अन्य वीआईपी नेताओं की सुरक्षा में सशस्त्र जवान तैनात रहते हैं, लेकिन घटना के समय सुरक्षा कर्मी साथ नहीं थे।

भूपेश बघेल ने सरकार पर साधा निशाना

घटना के बाद पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने राज्य की कानून व्यवस्था को लेकर सरकार पर हमला बोला। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि “छत्तीसगढ़वासी अपनी सुरक्षा स्वयं करें।”

भूपेश बघेल ने तंज कसते हुए कहा कि जब देश के गृहमंत्री राज्य में मौजूद हैं, उसी दौरान राजधानी में मॉर्निंग वॉक कर रहे पूर्व विधानसभा अध्यक्ष से लूट की घटना होना कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। उन्होंने “सुशासन तिहार” अभियान पर भी निशाना साधा।

विकास उपाध्याय बोले- आम लोगों के मामलों में क्यों नहीं दिखती ऐसी तेजी?

कांग्रेस नेता विकास उपाध्याय ने भी मामले को लेकर बयान जारी किया। उन्होंने कहा कि धरमलाल कौशिक का मोबाइल खोजने के लिए पुलिस की कई टीमें तुरंत सक्रिय हो गईं।

उनके मुताबिक मामले में 2 डीसीपी, 2 एडीसीपी, 3 टीआई समेत करीब 30 पुलिसकर्मी लगाए गए और कुछ ही घंटों में आरोपी गिरफ्तार कर लिया गया।

विकास उपाध्याय ने सवाल उठाया कि आम नागरिकों के मोबाइल चोरी या गुम होने के मामलों में ऐसी तत्परता क्यों नहीं दिखाई जाती। उन्होंने कहा कि आम लोगों को अक्सर सिर्फ शिकायत नंबर और लंबा इंतजार ही मिलता है।

Related Articles

Back to top button