रायपुर में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक से लूट, मॉर्निंग वॉक के दौरान बाइक सवार बदमाशों ने छीना मोबाइल


राजधानी रायपुर में कानून व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। पूर्व विधानसभा अध्यक्ष और वरिष्ठ भाजपा नेता धरमलाल कौशिक लूट की वारदात का शिकार हो गए। मॉर्निंग वॉक पर निकले कौशिक से बाइक सवार दो बदमाश मोबाइल फोन छीनकर फरार हो गए। घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र के शंकर नगर स्थित भारत माता चौक के पास की बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, धरमलाल कौशिक रोज की तरह सोमवार सुबह अपने आवास से अकेले मॉर्निंग वॉक के लिए निकले थे। इसी दौरान बाइक पर आए दो युवकों ने झपट्टा मारकर उनका मोबाइल फोन छीन लिया और मौके से फरार हो गए। पूरी घटना इतनी तेजी से हुई कि वे कुछ समझ ही नहीं पाए। घटना के तुरंत बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई।
अमित शाह के दौरे के बीच हुई वारदात
यह घटना ऐसे समय हुई है जब केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह छत्तीसगढ़ दौरे पर हैं और राजधानी रायपुर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर हाई अलर्ट जारी है। गृहमंत्री लगातार कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठकों में अधिकारियों को अपराध नियंत्रण के निर्देश दे रहे हैं। इसके बावजूद राजधानी में इस तरह की घटना ने पुलिस व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना के बाद रायपुर पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बदमाश मोबाइल छीनने के बाद तेज रफ्तार में मौके से फरार हो गए। पुलिस ने इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी है और आरोपियों की तलाश जारी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है।
धरमलाल कौशिक का राजनीतिक सफर
धरमलाल कौशिक छत्तीसगढ़ भाजपा के वरिष्ठ नेताओं में गिने जाते हैं। वह बिलासपुर जिले की बिल्हा विधानसभा सीट से विधायक हैं और राज्य की राजनीति में लंबा अनुभव रखते हैं। वे छत्तीसगढ़ विधानसभा के अध्यक्ष रह चुके हैं। इसके अलावा 2019 से 2022 तक विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं। वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव में वे चौथी बार विधायक निर्वाचित हुए।



