IPL 2026: नवा रायपुर में RCB-KKR मुकाबले पर बारिश का खतरा, ट्रैफिक-पार्किंग प्लान जारी


नवा रायपुर स्थित शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में IPL 2026 के तहत रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच हाईवोल्टेज मुकाबला खेला जाएगा। मैच को लेकर क्रिकेट प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह है, लेकिन मौसम विभाग की चेतावनी ने फैंस की चिंता बढ़ा दी है। लगातार बदलते मौसम और बादलों की आवाजाही के बीच मुकाबले पर बारिश का साया मंडराने लगा है।
मैच के दौरान दर्शकों की भारी भीड़ को देखते हुए यातायात पुलिस ने सुगम और सुरक्षित आवागमन के लिए विशेष रूट प्लान और पार्किंग व्यवस्था लागू की है। साथ ही खिलाड़ियों और टीम बसों की आवाजाही के लिए भी अलग ट्रैफिक मैनेजमेंट तैयार किया गया है।
अंधड़ और बारिश की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को रायपुर और आसपास के इलाकों में दोपहर बाद अंधड़ के साथ बारिश होने की संभावना है। ऐसे में नवा रायपुर में होने वाला IPL मुकाबला प्रभावित हो सकता है। विभाग ने बताया कि प्रदेश में 13 से 16 मई के बीच कई स्थानों पर 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
हालांकि राजधानी रायपुर में लू चलने की संभावना कम है, लेकिन उमस लोगों को परेशान कर सकती है। इस सीजन में मई महीने में तापमान 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है, जो सामान्य से करीब एक डिग्री कम माना जा रहा है। बुधवार को हल्के बादल छाए रहने के बावजूद अधिकतम तापमान 42 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है।
मैच पर पड़ सकता है असर
यदि शाम के समय तेज बारिश होती है तो मैच में रुकावट आ सकती है। मौसम की अनिश्चितता को देखते हुए क्रिकेट प्रेमियों की नजरें अब आसमान पर टिकी हुई हैं। IPL के इस बड़े मुकाबले को लेकर स्टेडियम में सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है।
दर्शकों से अपील की गई है कि वे तय रूट और पार्किंग व्यवस्था का पालन करें तथा मौसम को देखते हुए आवश्यक सावधानियां बरतें।



