अमेरिका-ईरान के बीच फिर शुरू हो सकती है सीधी बातचीत, अगले हफ्ते पाकिस्तान में वार्ता की संभावना

ईरान और अमेरिका के बीच लंबे समय से जारी तनाव के बीच अब कूटनीतिक बातचीत को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। दोनों देशों के बीच अगले हफ्ते फिर से सीधी बातचीत शुरू हो सकती है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक यह अहम वार्ता पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में आयोजित की जा सकती है।

दरअसल, हाल के दिनों में अमेरिका और ईरान के बीच तनाव लगातार बढ़ता दिखाई दिया है। शुक्रवार को होर्मुज़ स्ट्रेट में ईरान ने अमेरिकी डिस्ट्रॉयर को निशाना बनाते हुए मिसाइल दागी थी। इसके जवाब में अमेरिका ने ईरान के केशम पोर्ट और बंदर अब्बास शहर पर हमला किया। इसके बाद क्षेत्र में तनाव और अधिक बढ़ गया।

इतना ही नहीं, कुछ घंटों पहले भी अमेरिका ने होर्मुज़ स्ट्रेट में मौजूद दो ईरानी जहाजों पर गोलीबारी की। हालांकि सैन्य तनाव के बीच भी दोनों देशों के बीच बातचीत की कोशिशें जारी हैं।

अमेरिकी राष्ट्रपति Donald Trump ने बयान देते हुए कहा कि अमेरिका और ईरान के बीच सीज़फायर और बातचीत की प्रक्रिया अब भी जारी है। उन्होंने संकेत दिए कि तनाव कम करने के लिए कूटनीतिक प्रयास जारी रखे जाएंगे।

अमेरिकी मीडिया की रिपोर्ट के अनुसार इस मामले से जुड़े सूत्रों का मानना है कि पाकिस्तान एक बार फिर दोनों देशों के बीच मध्यस्थ की भूमिका निभा सकता है। इससे पहले भी पाकिस्तान के जरिए बैक-चैनल बातचीत की कोशिशें हुई थीं।

अगर यह वार्ता होती है तो मध्य-पूर्व में बढ़ते तनाव के बीच इसे बेहद महत्वपूर्ण माना जाएगा। दुनिया की नजरें अब इस संभावित बैठक पर टिकी हैं, क्योंकि इससे क्षेत्रीय स्थिरता और वैश्विक तेल बाजार पर भी बड़ा असर पड़ सकता है।

Related Articles

Back to top button