IPL 2026: रायपुर में RCB vs मुंबई इंडियंस मैच पर मौसम का खतरा, अंधड़-बारिश की चेतावनी

IPL 2026 में रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह स्टेडियम में होने वाले बहुप्रतीक्षित मुकाबले से पहले मौसम ने चिंता बढ़ा दी है। रविवार को रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर और मुंबई इंडियंस के बीच होने वाले हाई-वोल्टेज मैच पर खराब मौसम का खतरा मंडरा रहा है। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में अगले चार दिनों तक अंधड़, गरज-चमक और बारिश की संभावना जताई है।

मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के विभिन्न इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके साथ ही कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका भी जताई गई है। रायपुर समेत आसपास के क्षेत्रों में मौसम अचानक बदल सकता है, जिससे मैच आयोजन और दर्शकों की उत्सुकता पर असर पड़ने की संभावना है।

शनिवार शाम से ही रायपुर में बादलों की आवाजाही बढ़ गई थी। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि बंगाल की खाड़ी और पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से प्रदेश में यह बदलाव देखने को मिल रहा है। दिन में उमस और गर्मी बनी रहेगी, लेकिन शाम के समय तेज हवा और बारिश का दौर शुरू हो सकता है।

इधर, क्रिकेट फैंस मैच को लेकर बेहद उत्साहित हैं। 13 साल बाद रायपुर में आईपीएल मुकाबलों का आयोजन हो रहा है और टिकट बिक्री में भी जबरदस्त उत्साह देखने को मिला है। ऐसे में मौसम की खराबी फैंस की चिंता बढ़ा रही है।

प्रशासन और आयोजन समिति ने मौसम को देखते हुए आवश्यक तैयारियां शुरू कर दी हैं। स्टेडियम में जल निकासी व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा की जा रही है ताकि बारिश की स्थिति में मैच संचालन प्रभावित न हो।

अगर मौसम साफ रहा तो रायपुर में विराट कोहली की RCB और हार्दिक पांड्या की मुंबई इंडियंस के बीच रोमांचक मुकाबला देखने को मिल सकता है।

Related Articles

Back to top button