भिलाई स्टील प्लांट में भीषण आग: टर्बाइन सेक्शन में ब्लास्ट, पांच कर्मचारी झुलसे


भिलाई | छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले स्थित भिलाई स्टील प्लांट में मंगलवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। प्लांट के पॉवर प्लांट-2 (PBS-2) में अचानक ब्लास्ट के बाद भीषण आग लग गई, जिससे अफरा-तफरी मच गई।
बताया जा रहा है कि 25 मेगावाट टर्बाइन सेक्शन में हुए ब्लास्ट के बाद आग तेजी से फैल गई। आग की चपेट में आने से पांच कर्मचारी झुलस गए, जिन्हें तुरंत उपचार के लिए भेजा गया है। वहीं अन्य कर्मचारियों ने मौके से भागकर अपनी जान बचाई।
आग की लपटें 10 फीट तक उठीं
घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें आग की लपटें करीब 10 फीट तक उठती दिखाई दे रही हैं। आग के कारण पूरे प्लांट परिसर में धुआं फैल गया, जिससे स्थिति और भयावह हो गई।
मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड
घटना की सूचना मिलते ही आधा दर्जन से अधिक फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया गया। दमकल कर्मियों की टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने की कोशिश की।
आग लगने का कारण अज्ञात
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। प्रारंभिक तौर पर टर्बाइन सेक्शन में तकनीकी खराबी या ब्लास्ट को वजह माना जा रहा है। मामले की जांच जारी है।
प्रबंधन और प्रशासन सतर्क
घटना के बाद प्लांट प्रबंधन और प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। सुरक्षा के मद्देनजर प्रभावित क्षेत्र को खाली करा लिया गया है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।



